Sutralok / Sat, Jan 17, 2026
मध्यप्रदेश (इंदौर) : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को मध्य प्रदेश के इंदौर दौरे पर हैं। दौरे की शुरुआत उन्होंने बॉम्बे हॉस्पिटल से की, जहां दूषित पानी से बीमार हुए मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इसके बाद राहुल गांधी दूषित जल से सबसे अधिक प्रभावित भागीरथपुरा इलाके पहुंचे।

भागीरथपुरा में राहुल गांधी 5 महीने के मासूम अव्यान के परिजनों सहित अन्य पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे। यह मुलाकात संस्कार गार्डन के पास आयोजित की जाएगी। जानकारी के अनुसार, इस दौरान राहुल गांधी मृतकों और पीड़ित परिवारों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक देंगे, जबकि मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की ओर से 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।

राहुल गांधी के साथ इस दौरान एमपी कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी मौजूद रहेंगे।
इलाके की संकरी गलियों के कारण राहुल गांधी का काफिला सीधे पीड़ित परिवारों के घर तक नहीं जा सकेगा। ऐसे में वे गली के कोने से पैदल चलकर पीड़ितों से मिलने जाएंगे। हालांकि, शुक्रवार रात एयरपोर्ट पर हुई सुरक्षा एजेंसियों की बैठक के बाद सुरक्षा कारणों से राहुल गांधी को भागीरथपुरा की गलियों में जाने की अनुमति नहीं दी गई।

अब राहुल गांधी भागीरथपुरा की पानी की टंकी के पास ही मृतकों के परिजन और दूषित पानी से प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे। यह कार्यक्रम दोपहर 12.45 बजे से 1.45 बजे तक चलेगा। इसके बाद राहुल गांधी मौके पर ही मीडिया से बातचीत करेंगे।
राहुल गांधी का इंदौर दौरा कार्यक्रम
दोपहर 12.45 बजे – भागीरथपुरा में पीड़ित परिवारों से मुलाकात और मीडिया से चर्चा
दोपहर 1.45 बजे – भागीरथपुरा से इंदौर एयरपोर्ट के लिए रवाना
दोपहर 2.15 बजे – इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे
दोपहर 2.30 बजे – दिल्ली के लिए प्रस्थान
राहुल गांधी का यह दौरा दूषित जल संकट और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर सियासी तौर पर भी काफी अहम माना जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन