Sutralok / Fri, Apr 3, 2026
उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। शुक्रवार को आगरा, मथुरा समेत 18 जिलों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं लखनऊ, कानपुर सहित 15 शहरों में सुबह से बादल छाए हुए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं।मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव की मुख्य वजह सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ है। अरब सागर से आ रही नमी और पछुवा हवाओं के कारण प्रदेश में बेमौसम बारिश का नया दौर शुरू होने वाला है। कई इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह के मुताबिक, 3 अप्रैल से 7 अप्रैल के बीच दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेंगे, जिसका सबसे ज्यादा असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्यांचल और बुंदेलखंड में देखने को मिलेगा। इस दौरान तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
अगर प्रमुख शहरों की बात करें तो लखनऊ में बादलों और ठंडी हवाओं का असर दिख रहा है, जबकि मेरठ में हल्की बूंदाबांदी का अलर्ट है। वहीं गोरखपुर में तेज धूप और गर्मी के बीच तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
बेमौसम बारिश और तेज हवाओं का असर खेती पर भी साफ नजर आ रहा है। पिछले 15 दिनों में प्रदेश के करीब 15 हजार किसानों की 4300 हेक्टेयर फसलें खराब हो चुकी हैं। सरकार के अनुसार, अब तक 10 हजार से ज्यादा किसानों को मुआवजा दिया जा चुका है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं और कहा है कि किसानों को हर संभव सहायता दी जाए और नुकसान का जल्द आकलन कर मुआवजा दिया जायेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन