Sutralok / Sat, Jan 24, 2026
प्रयागराज : स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के शिविर के बाहर शुक्रवार शाम उस वक्त हंगामा हो गया, जब कुछ असामाजिक तत्व लाठी-डंडों और भगवा झंडों के साथ शिविर परिसर के बाहर पहुंच गए। इस मामले में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की ओर से कल्पवासी थाना अध्यक्ष को तहरीर दी गई है, जिसमें अपनी, श्रद्धालुओं और शिविर की संपत्ति की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका जताई गई है।
तहरीर के अनुसार, शाम करीब 6:30 से 7:30 बजे के बीच कुछ युवक शिविर के बाहर पहुंचे और जबरन भीतर प्रवेश करने की कोशिश करने लगे। आरोप है कि बाहर से आए युवकों ने उपद्रव मचाने का प्रयास किया और मारपीट पर आमादा हो गए। इस दौरान स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के सेवकों और जबरन घुसने का प्रयास कर रहे लोगों के बीच हाथापाई भी हुई।
सेवकों ने हंगामा कर रहे लोगों को किसी तरह शिविर से बाहर निकाला। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने चेतावनी दी है कि यदि ऐसे शरारती तत्व दोबारा शिविर में प्रवेश करते हैं, तो श्रद्धालुओं और शिविर की संपत्ति को गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
तहरीर में एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है, साथ ही शिविर परिसर और उसके आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की भी मांग उठाई गई है, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
यह भी स्पष्ट किया गया है कि अगर आगे चलकर शिविर या उसके आसपास कोई अनहोनी होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी मेला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की होगी।
बताया गया कि यह तहरीर शिविर व्यवस्थापक पंकज पांडेय की ओर से दी गई है। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का शिविर सेक्टर-4, त्रिवेणी मार्ग उत्तरी पटरी पर स्थित है।
गौरतलब है कि मौनी अमावस्या स्नान पर्व पर पालकी के साथ स्नान के लिए जाने से रोके जाने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद से स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती अपने शिविर के बाहर धरने पर बैठे हैं। आज उनके शिविर के बाहर बैठने का सातवां दिन है।
ताजा घटना के बाद स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पालकी से उतरकर वैनिटी वैन में चले गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन